Haryana Weather News: हरियाणा में कहर बरपा रही है भीषण गर्मी! पारा पहुचा 43 के पार, आईएमडी ने जारी की चेतावनी
पंजाब-हरियाणा में गुरुवार को भीषण गर्मी का प्रकोप दिखा। बठिंडा में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है।

Haryana Weather News: पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार (15 मई) को प्रचंड गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक है।
पंजाब के अन्य शहरों में भी तापमान बढ़ रहा है। अमृतसर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 41.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर में 41 डिग्री सेल्सियस जबकि मोहाली में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
Haryana Weather News
हरियाणा भी 43 डिग्री तक गर्म
हरियाणा में भी गर्मी ने कहर बरपा रखा है। रोहतक में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह राज्य के सबसे गर्म स्थानों में से एक बन गया।
हिसार और नारनौल में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबाला में पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 42.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। करनाल भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी का प्रकोप रहा, जहां गुरुवार (15 मई) को तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
धूप में बाहर जाने से बचें, पानी पीते रहें- आईएमडी
मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे धूप में बाहर जाने से बचें और खूब पानी पिएं।
विशेषज्ञों का मानना है कि मई में तापमान का इस स्तर तक पहुंचना सामान्य बात है, लेकिन लगातार कई दिनों तक अत्यधिक गर्मी पड़ने से जन-जीवन प्रभावित हो सकता है। किसानों और मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्कूल का समय बदल सकता है
भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किए जाने की संभावना है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।